सहारनपुर। दहेज में 15 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर सिपाही पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके साथ ही तीन साल के बेटे के साथ घर से निकाल दिया। दो बार घर से निकाले जाने और समझौते के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने पति समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
हकीकत नगर की दयाल कॉलोनी निवासी रेखा रानी सिरोही ने तहरीर देकर बताया कि शादी 29 नवंबर 2021 को बुलंदशहर जिले के छपरावत गांव निवासी जितेंद्र तेवतिया उर्फ जोनी के साथ हुई थी। पति के पुलिस विभाग में कार्यरत होने का हवाला देते हुए स्कॉर्पियो कार नहीं मिलने पर ताने दिए जाते थे। 15 लाख रुपये अतिरिक्त लाने का दबाव बनाया जाता था। आरोप 28 जुलाई 2023 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की और बच्चे समेत घर से निकाल दिया। पति को फोन कर घटना बताई तो उसने भी 15 लाख रुपये की मांग पूरी हुए बिना साथ रखने से इन्कार कर दिया।
पीड़िता ने परिवार न्यायालय में भरण-पोषण के लिए भी वाद दायर किया था। न्यायालय की प्रक्रिया के तहत मामला मध्यस्थता केंद्र पहुंचा, जहां समझौते के बाद पति और ससुराल पक्ष उसे बच्चे सहित घर ले गए। आरोप है कि शुरुआत में व्यवहार ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद फिर प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद फिर पति ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। उधर, जांच अधिकारी निरीक्षक ममतेश ने बताया कि जितेंद्र तेवतिया उर्फ जोनी, मधु, अरविंद कुमार, रेणू, रविंद्र व नरेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।