सहारनपुर। दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर जारी रार बृहस्पतिवार को खत्म हो गई। दोनों ही पक्षों ने बैठक कर चुनाव के साझा कार्यक्रम को जारी करने पर सहमति जताई। दोनों गुटों के सदस्यों की सहमति से चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए। जल्द ही नया चुनाव कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के चुनाव अधिकारियों की घोषणा मंगलवार को आम सभा की बैठक के बाद की गई थी। चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति व अन्य मामलों को लेकर दोनों गुटों में असहमति बन गई थी। ऐसे में दोनों ही गुटों ने अपने-अपने चुनाव अधिकारी घोषित कर दिए। पहले जारी कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की बिक्री होनी थी, लेकिन दोनों गुटों ने सुबह के समय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता ऋषिपाल सिंह ने की।
बैठक में सभी मुद्दों पर दोनों के गुटों के सदस्यों के बीच सहमति बनी। इसके साथ ही चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए। चुनाव अधिकारी के तौर पर गोकरण दत्त शर्मा, अश्वनी कुमार, प्रतिभा चौहान, विनोद कुमार शर्मा, महेश चंद गुप्ता व दिपाली वर्मा को नियुक्त किया गया। इसके साथ ही पूर्व में जारी चुनाव कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही नया चुनाव कार्यक्रम जारी किया जाएगा।