बेहट। प्रशासन द्वारा कस्बा बेहट के मोहल्ला मनिहारान में हैंडपंप उखड़वाने पर रविवार को हंगामा हो गया। इसके विरोध में कांग्रेस विधायक नरेश सैनी और मसूद अख्तर धरना देकर बैठ गए। करीब ढ़ाई घंटे बाद एसडीएम द्वारा पुन: हैंडपंप लगवाने का आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त किया।
मोहल्ला मनिहारान में हैडपंप उखड़वाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इसकी जानकारी पाकर दोपहर बाद बेहट से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि प्रशासन ने एक दुकानदार के कहने पर हैंडपंप हटवाया है। इससे बड़ी संख्या में परिवार पानी लेते थे। गांव देहात से बाजार आने वाले लोग भी इसी हैंडपंप पर पानी पीते थे। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें पुन: इसी स्थान पर हैंडपंप लगाने का आश्वासन नहीं दिया जाता धरना जारी रहेगा।
इसके बाद सहारनपुर देहात सीट से कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर, नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान, पूर्व एमएलसी उमर अली खान भी मौके पर पहुंचे और हैंडपंप हटवाने को प्रशासन की तानाशाही बताया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के साथ अन्याय कर रही है। हैंडपंप लगवाने के बजाय हटवा रही है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायकों के धरने पर बैठने की जानकारी पाकर एसडीएम दीप्ति देव और सीओ रामकरण सिंह मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने पुन: उसी स्थान पर हैंडपंप लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही विधायक धरने से उठे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य ताहिर पहलवान, इनाम प्रधान, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली, शायान मसूद, नदीम खान समेत काफी संख्या में मोहल्ले के लोग मौजूद रहे।
गरीबों को परेशान कर रही सरकार
हैंडपंप को हटाने के लिए प्रशासन ने मोहल्ले को इस तरह घेरा जैसे यहां आतंकवादी रहते हों, पुलिस व पीएसी ने लोगों के दरवाजे तक बंद कर दिए। बाहर निकलने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस सरकार में गरीबों को परेशान किया जा रहा है।-नरेश सैनी, विधायक
गरीबों से सुविधाएं छीन रही सरकार
लोग महामारी से जूझ रहे हैं। इस मुश्किल दौर में गरीबों को सुविधाएं देने के बजाय सरकार छीन रही है। यह सरासर अन्याय है। इसे किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।-मसूद अख्तर, देहात विधायक
वर्जन
जांच के बाद हटाया हैंडपंप
हैंडपंप हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र मिला था, जिसमें कहा गया था कि गली संकरी है और हैंडपंप की वजह से आवागमन में दिक्कत होती है। इसे जांच कराने के बाद हटवाया गया था।-दीप्ति देव, एसडीएम बेहट