सहारनपुर में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर चुके कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के पास तीन करोड़ 98 लाख रुपये की स्थावर अस्तियां (भू संपत्ति) है, जबकि उनके पास नकदी दो लाख रुपये की है। वहीं आप प्रत्याशी योगेश दहिया के पास करीब 11 करोड़ रुपये की विरासती भू संपत्ति है। छह लाख रुपये उनके पास नकदी है। इमरान मसूद के आपराधिक रिकार्ड में आठ मामले पंजीकृत हैं।
वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई किए हैं। यह सब जानकारी नामांकन पत्र जमा करने के दौरान लगाए गए शपथपत्र में दी गई है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद ने नामांकनपत्र जमा किया। उसमें लगाए गए शपथपत्र में इमरान मसूद ने अपनी संपत्ति का पूरा ब्योरा दिया है। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक प्रत्याशियों का ब्योरा सार्वजनिक भी किया जा रहा है।
इमरान मसूद के पास दो कारें हैं, जबकि पत्नी के नाम लाइसेंसी रिवाल्वर है। इमरान मसूद के पास 1607796 रुपये कीमत की जंगम अस्तियां हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास एक किलोग्राम सोना सहित जंगम संपत्ति 4220052 रुपये की है। इसी तरह कृषि, गैर कृषि और वाणिज्यिक भूमि के रूप में इमरान मसूद के पास 3,98,10,000 रुपये की स्थावर अस्तियां हैं, जबकि पत्नी के पास 42,20,052 रुपये की स्थावर अस्तियां हैं।
वहीं, आपराधिक रिकार्ड में इमरान मसूद के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन, चुनाव के दौरान आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने, रोड जाम कर अवरोध पैदा करने, पट्टे संबंधी संपत्ति का बैनामा, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि सहित आठ मामलों का उल्लेख किया गया है।
योगेश दहिया के पास है 11 करोड़ की विरासती संपत्ति
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी योगेश दहिया ने नामांकन पत्र दाखिल करते शपथपत्र में जो ब्योरा दिया है, उसके मुताबिक उनके पास करीब 11 करोड़ रुपये की विरासती भू संपत्ति है। छह लाख रुपये उनके पास नकदी है, जबकि दो लाख रुपये नकदी उनकी पत्नी के पास है। एक ट्रैक्टर और पांच कारें योगेश दहिया के पास हैं। वह कुल 39,51,445 रुपये कीमत की जंगम संपत्ति के स्वामी हैं। योगेश दहिया ने महाराज सिंह डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की हुई है। आपराधिक रिकार्ड में पांच मुकदमों का ब्योरा दिया गया है।