सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस ने व्हाट्सएप और हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। खासकर चुनाव में शराब का इस्तेमाल रोकने को पुलिस ने यह कवायद की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी।
शनिवार को एसएसपी डॉ. एस चनप्पा के निर्देश पर एक व्हाट्सएप और चार हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इसमें खासकर शराब बनाने वाले और बेचने वालों की सूचना देने के लिए कहा गया है। पुलिस ने नंबर जारी कर लोगों से अपील की है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ेगी। पुलिस को इनपुट मिला है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची शराब का भी इस्तेमाल हो सकता है। इसलिए पुलिस पूरी तरह एहतियात बरत रही है। क्योंकि, जिले में कच्ची जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है।
--------------
इन नंबरों पर करें शिकायत
पुलिस की ओर से व्हाट्सएप नंबर 7839857865 और हेल्पलाइन के लिए 9454457657 के अलावा 9412658111 व 7839858061 और 0132-2711680 नंबर जारी किए हैं।
-----------
24 घंटे में पकड़े कई आरोपी
सहारनपुर। चुनाव के मद्देनजर शनिवार को भी जिले भर में पुलिस का अभियान जारी रहा। शुक्रवार की शाम पांच बजे से शनिवार की पांच बजे तक जिले में 689 लोगों को मुचलकों में पाबंद किया गया। अवैध शस्त्र, शराब की तस्करी और मादक पदार्थों के साथ 41 आरोपियों को दबोचा गया। 193 लाइसेंसी हथियार जमा कराए गए।
------ वर्जन -
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर व्हाट्सएप व हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रहेगी। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। चुनाव के दौरान किसी ने कानून का उल्लंघन किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -- डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी