सहारनपुर। दिल्ली रोड पर कांशीराम कॉलोनी के पास बनने वाले अंतरराज्यीय बस स्टैंड का निर्माण कार्य का टेंडर हो चुका है। अगले महीने से बस स्टैंड बनने का काम शुरू होने की संभावना है। निर्माण कार्य में करीब 15.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
जिले में स्थायी बस स्टैंड नहीं है। अभी रेलवे रोड, दिल्ली रोड पर कांशीराम कॉलोनी और मानकमऊ से रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। दिल्ली रोड पर कांशीराम कॉलोनी के शाकंभरी विहार में 8013.95 वर्ग मीटर में अंतरराज्यीय बस स्टैंड का निर्माण होगा। यह जमीन परिवहन निगम ने आवास विकास परिषद से करीब 37 करोड़ रुपये में खरीदी गई थी। इसके बाद से परिवहन निगम ने आगे की प्रक्रिया तेज कर दी थी।
कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को नामित किया गया था। अब बस स्टैंड निर्माण के लिए टेंडर हो गया है। इसका टेंडर गाजियाबाद की कंपनी बीएमजी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को मिला है। निर्माण में 15.50 करोड़ रुपये लगेंगे। इसके अलावा अन्य कामों के लिए अलग से टेंडर होगा, जो अभी नहीं हुआ है। अगले 10 से 15 दिन के अंदर शिलान्यास होगा। इसके साथ ही बस स्टैंड बनाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
नगर विधायक के प्रयास लाए रंग
नगर विधायक राजीव गुंबर ने अंतरराज्यीय बस स्टैंड को लेकर काफी प्रयास किए। उन्होंने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग रखी। इसके अलावा जमीन खरीद में भी परिवहन निगम और आवास विकास परिषद के बीच समन्वय स्थापित कराया, ताकि जल्द से जल्द बस स्टैंड का निर्माण शुरू हो सकें। यहीं वजह है कि अब निर्माण कंपनी भी नामित हो गई।
भटकते रहते हैं यात्री
स्थायी बस स्टैंड नहीं होने से यात्री भटकते रहते हैं। वीवीआईपी का जनमंच प्रेक्षागृह में कार्यक्रम होने पर रेलवे रोड के बस स्टैंड को जेल चुंगी पर स्थानांतरित कर दिया जाता है। रेलवे रोड से देहरादून, हरिद्वार, मेरठ, अलीगढ़, आगरा की बसें मिलती हैं, जबकि कांशीराम कॉलोनी से शामली, बागपत, दिल्ली की बसें संचालित होती है। मानकमऊ से नकुड़, गंगोह, यमुनानगर, अंबाला, लुधियाना के लिए बस जाती हैं।