सड़क किनारे महिला के साथ कुछ लोगों को उलझता देख राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही दुकानदारों ने कोतवाली सदर बाजार में फोन कर दिया। कुछ ही देर बाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से बात की, जिसके बाद मामला पारिवारिक विवाद का निकला। काफी समझाने के बाद महिला परिवार के साथ कार में बैठकर निकल गई।
महिला से पूछताछ के बाद कोतवाली के दरोगा ने बताया कि वह मूलरूप से फिलीपिंस की रहने वाली है, जिसने कुछ ही समय पहले सहारनपुर की विष्णुधाम कॉलोनी के रहने वाले युवक से शादी की थी।
किसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद महिला नाराज होकर करीब तीन बजे कोर्ट रोड पर चली आई। पीछे-पीछे पति और ससुराल के अन्य सदस्य कार लेकर पहुंचे और महिला को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिला नहीं मानी और उनसे उलझ गई।
दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। नौबत हाथापाई तक आ गई। झगड़ा होता देख राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। दुकानदारों ने कोतवाली सदर बाजार पुलिस को सूचना दी, कुछ ही देर में पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। महिला बार-बार कोर्ट जाने की धमकी दे रही थी। बड़ी मुश्किल से ससुराल के लोग उसे समझाने में सफल रहे और कार में बैठाकर लौट गए।
उधर, कोतवाली प्रभारी सुशील दुबे ने बताया कि एक विदेशी महिला द्वारा कोर्ट रोड पर ससुरालियों के साथ झगड़ने की सूचना मिली थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया था। कुछ ही देर बाद परिजन उसे लेकर चले गए थे।
सहमे हुए हैं परिवार के लोग
विदेशी महिला के शहर के व्यस्त क्षेत्र में हंगामा के बाद वहां काफी भीड़ जमा हो गई। विदेशी महिला से मामला जुड़ा होने के कारण पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। हालांकि इस पूरे हंगामे के बाद परिवार के लोग सहमे हुए हैं। वे किसी से बातचीत नहीं कर रहे हैं। कहना है कि परिवार में गलत-फहमी हो गई थी जो अब दूर हो गई।
पुलिस रखेगी परिवार पर नजर
पूरा मामला विदेशी महिला से जुड़ा होने के कारण पुलिस इस मामले में लापरवाही नहीं करना चाहती है। विष्णुुधाम कालोनी नगर कोतवाली क्षेत्र में हैं। ऐसे में वहां की पुलिस ने घर जाकर पूरे मामले की जानकारी ली। नगर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पुलिस परिवार की निगरानी करेगी ताकि किसी तरह की आशंका को जगह नहीं मिले। महिला पुलिस विदेशी महिला से बातचीत भी करेगी और पूरे मामले की जानकारी लेगी।