बेहट। मंडलायुक्त एवी राजमौलि और डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने सोमवार को क्षेत्र के संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रत्याशियों से कहा कि मतदाताओं को डराने-धमकाने और प्रलोभन देने, शराब व अन्य दूसरी वस्तुओं का वितरण किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी का भी दौरा किया। मंदिर व्यवस्थापक से बातचीत के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था और कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने क्षेत्र के ताजपुरा, रीढ़ी मोहिद्दीनपुर व जसमौर आदि संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कमिश्नर ने कहा कि बिना किसी कारण के मतदेय स्थल पर घूमने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र के बाहर कोविड-19 हेल्प डेस्क बनाए जाने के निर्देश दिए। मतदाताओं को मास्क का प्रयोग करने, दो गज दूरी के साथ ही हर मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही मतदान के लिए जाने की अनुमति दिए जाने की बात कही।
इसके बाद उन्होंने सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी का दौरा भी किया। उन्होंने मंदिर प्रबंध तंत्र को मंदिर की व्यापक साफ-सफाई के साथ ही श्रद्धालुओं को कोविड-19 के नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर के मुख्य द्वारा पर उचित मात्रा में मास्क, थर्मल स्कैनर, पल्स आक्सोमीटर, हैंड सैनिटाइजर, ग्लब्स आदि की व्यवस्था की जाए। सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील किया जाए। मंदिर में स्थित पब्लिक एड्रेस सिस्टम से कोविड-19 संक्रमण से सुरक्षा की भी जानकारी का प्रसारण किया जाए। डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने कहा कि आपराधिक छवि वाले उम्मीदवारों पर पुलिस की पैनी नजर है।