देवबंद। केएल जनता इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति को लेकर चल रहा विवाद अब एक बड़े प्रशासनिक निर्णय के साथ निर्णायक मोड़ पर आ गया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने कॉलेज की प्रबंध समिति के पिछले चुनाव को अवैध और विधि विरुद्ध करार देते हुए पूरी समिति को तत्काल प्रभाव से भंग करने के आदेश दिए हैं।
बता दें, कि केएल जनता इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के गत 20 जून 2025 हुए चुनाव में दीपकराज सिंघल तीसरी बार विद्यालय समिति के प्रबंधक निर्वाचित हुए थे। समिति के आजीवन सदस्य सुधीर त्यागी ने सिंघल पर संस्था की नियमावली में नियम विरुद्ध परिवर्तन कर अवैध व फर्जी प्रस्तावों और साधारण सभा के सदस्यों के जाली हस्ताक्षर कर चुनाव जीतने का आरोप लगाया था।
उन्होंने इसकी शिकायत संयुक्त शिक्षा निदेशक के यहां की थी। संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु सुमन ने जांच के बाद प्रबंध समिति चुनाव को अवैध और विधि के विरुद्ध मानते हुए समिति को भंग करने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को एक माह के भीतर प्रबंध समिति के नए चुनाव कराने के लिए आदेशित भी किया है। दीपकराज सिंघल का कहना है कि आधी अधूरी जानकारी पर यह आदेश जारी किए गए हैं। जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी उसे वह अपनाएंगे। यदि प्रबंध समिति का चुनाव दोबारा होता है तो वह पूरी मजबूती के चुनाव मैदान में उतर कर एक बार फिर विजयी हासिल करेंगे।