गांव बाकरामाजरा का निवासी अभय 11वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों ने रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नकुड़ के गांव बाकरामाजरा में 11वीं के छात्र अभय उर्फ काला (18) का शव आम के बाग में खून से लथपथ हालत में मिला। उसके सिर में गोली लगी थी। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते गांव के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
अभय उर्फ काला शाम करीब साढ़े चार बजे घर से खेत पर जाने के लिए निकला था, जो देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने अभय का फोन मिलाया, जो रिसीव तो हुआ, लेकिन आवाज नहीं आई। इसके बाद अभय का बड़ा भाई आर्यन उसको तलाश करता हुआ खेत पर पहुंचा।
वहां खेत की डोल पर अभय का शव खून से लथपथ हालत में मिला और पास में चप्पल पड़ी थी। आर्यन ने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी देहात सागर जैन, सीओ एसएन वैभव पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। अभय के पिता मांगेराम ने आरोप लगाया कि गांव के एक युवक के साथ कांवड़ यात्रा के दौरान कहासुनी हो गई थी, जिसके चलते अभय की गोली मारकर हत्या की गई है। पूरे मामले की जांच कर आरोपी पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, जिला अस्पताल में पहुंचे अभय के भाई आर्यन ने भी हत्या का आरोप लगाया है।
करीब 400 मीटर दूर है बाग
मांगेराम ने गांव के बाहरी छोर पर मकान बना रखा है। उससे करीब 400 मीटर की दूरी पर उनके खेत हैं। वहीं पर अभय का शव मिला। ग्रामीणों के अनुसार, अभय शांत स्वभाव का था, जो अक्सर शाम के समय खेत पर जाता था। अभय के पिता खेतीबाड़ी करते हैं। अभय दो भाइयों में छोटा था।
ये बोले एसपी
परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। - सागर जैन, एसपी देहात