बड़गांव। जवाहर नवोदय विद्यालय में एक छात्र के लड्डू चुराकर खाने को लेकर छात्रों के दो गुटों में संघर्ष हो गया। मारपीट में चार छात्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। एसडीएम रामपुर मनिहारान व पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। हंगामा कर रहे लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय मिर्जापुर में छात्रों के दो गुटों में एक छात्र द्वारा घर से लाए लड्डू चोरी से खाने को लेकर मारपीट हो गई, जिसमें दोनों गुटों के चार छात्र घायल हुए। सूचना पर पहुंचे घायल छात्रों के परिजनों विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पता लगते ही पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। एसडीएम रामपुर श्वेता पांडेय व थाना प्रभारी विशाल श्रीवास्तव ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसडीएम रामपुर मनिहारान ने विद्यालय प्राचार्य आरके गौतम पर मामले लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई। एसडीएम ने प्राचार्य की जवाबदेही तय करने व भविष्य में ऐसी घटना पुनरावृत्ति न होने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। इनके अलावा कैराना सांसद प्रदीप चौधरी के बेटे अंशुमान चौधरी ने भी विद्यालय पहुंच कर मामले की जानकारी ली।
बाहरी युवक भी विद्यालय में घुसे
छात्रों में हुए झगड़े के दौरान 15 से 20 बाहरी युवकों ने भी विद्यालय में घुसकर मारपीट की। ऐसे में स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्योंकि, बाहरी युवक मुंह पर कपड़ा लपेट विद्यालय में कैसे घुस गए, जबकि गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहता है। विद्यालय प्राचार्य आरके गौतम का कहना है कि रविवार की रात छात्रों के दो गुटों में लड्डू चोरी करने बात को लेकर विवाद हुआ था, जिन्हें समझाकर शांत कर दिया, लेकिन सोमवार की सुबह दोबारा विवाद हो गया। सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।
मामले की जांच कराई जा रही है। इसके लिए पुलिस टीम को लगाया गया है, जो आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -सागर जैन, एसपी देहात