नकुड़। गांव खेड़ा अफगान में जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। इसमें पिता-पुत्र सहित दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी सोपाल ने बताया कि खेड़ा अफगान में उनका करीब आठ बीघा का आम और लीची का बाग है। जमीन पर गांव के ही एक व्यक्ति के साथ उनका विवाद चल रहा है, जोकि कोर्ट में विचाराधीन है। बताया कि मंगलवार दोपहर गांव का ही युवक बाग में ट्रैक्टर लेकर पहुंच गया और जमीन को जोतने लगा। पता चलने पर उन्होंने सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने युवक को ट्रैक्टर चलाने से रोक दिया। आरोप हैं कि पुलिस के जाने के बाद आरोपी अपने साथ 10-12 लोगों के साथ ट्रैक्टर लेकर पहुंचा और दोबारा ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया। उन्होंने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष ने उनके ऊपर चाकू व लाठी डंडों से हमला बोल दिया। इसमें उसे तथा उसके बेटे अभिषेक को गंभीर चोट आई हैं। उधर, दूसरे पक्ष के भी तीन लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। वहां से सोपाल सहित तीन को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।