सहारनपुर। भाजपा का संगठन चुनाव चल रहा है। मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों पदों के लिए कई दावेदारों ने ताल ठोक दी है। 20 नवंबर को नामांकन के पश्चात जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की घोषणा करेगी। इसके साथ ही जातीय समीकरण का तालमेल बनाकर ही कार्यकारिणी बनाई जाएगी।
भाजपा ने जिले के 21 और महानगर के 10 मंडलों पर अध्यक्षों की घोषणा कर चुकी है। अभी अन्य तीन मंडलों पर घोषणा होनी बाकी है। इनमें शहर का शारदानगर मंडल, जिले का देवबंद और देवबंद देहात मंडल शामिल है। इसके साथ ही मंडल अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की तैयारी तेज हो गई है। इसके तहत 20 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी और इसके बाद कभी पार्टी जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद की घोषणा करेगी। इसके तुरंत बाद सामान्य, ओबीसी और एससी वर्ग के कार्यकर्ताओं को शामिल कर ही कार्यकारिणी गठित की जाएगी।
जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पर यह हैं दावेदार
जिलाध्यक्ष पद के लिए वर्तमान में जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, ब्राह्मण समाज से संदीप शर्मा, प्रमोद कौशिक, राजपूत समाज से आनंद राणा, अजीत राणा, विरेंद्र पुंडीर, सोनेंद्र राणा, साहब सिंह पुंडीर, ठाकुर राजबीर सिंह, गुर्जर समाज से डाक्टर राजीव चौधरी, पदम सिंह ढायकी, महेंद्र, एससी समाज से महिपाल वाल्मीकि, पवन संवई दावेदारी कर रहे हैं। इसी तरह महानगर अध्यक्ष पद को लेकर भाजपाइयों की लंबी फेहरिस्त है। इस बार महानगर अध्यक्ष पद अहम माना जा रहा है। क्योंकि, सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र को महानगर में जोड़ दिया गया है। महानगर में ब्राह्मण समाज से विक्रम शर्मा, अनेश शर्मा, किशोर शर्मा, पंजाबी समाज से दिनेश सेठी, प्रेमपाल कटारिया, प्रवीण छाबड़ा, वैश्य समाज से शीतल बिश्नोई, नीरज गुप्ता, नीरज माहेश्वरी दावेदारी कर रहे हैं। अल्पसंख्यक समाज से वर्तमान में महानगर अध्यक्ष राकेश जैन दावेदार हैं। पिछड़ा वर्ग से मनोज ठाकुर और अमित वर्मा महानगर अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल हैं। इनकी दावेदारी प्रबल मानी जा रही हैं। क्योंकि, सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र को महानगर में जोड़ने के बाद पिछले वर्ग के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। एससी वर्ग से वरिष्ठ नरेश धनगर महानगर अध्यक्ष के लिए दावेदारी कर रहे हैं। नरेश धनगर तीन बार महामंत्री और दो बार उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसी आधार पर वह प्रमुखता से दावेदारी कर रहे हैं। सभी दावेदारों ने पार्टी हाईकमान में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में हैं।
आ रहे चुनाव अधिकारी, 18 और 19 में मिलेंगे नामांकन पत्र
जिले के चुनाव अधिकारी और माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष धर्मवीर प्रजापति, सह चुनाव अधिकारी सुनील शर्मा रविवार को सहारनपुर आ रहे हैं, जो चुनावी प्रक्रिया कराएंगे। इसी तरह महानगर के चुनाव अधिकारी व दातागंज विधायक राजीव सिंह व सह चुनाव अधिकारी डाक्टर चरण सिंह लिसाड़ी 18 नवंबर को महानगर आ रहे हैं। 20 नवंबर को जिले की नामांकन प्रक्रिया दिल्ली रोड स्थित नए कार्यालय पर और महानगर चकराता मार्ग स्थित पुराने कार्यालय पर कराई जाएगी।
भाजपा के संगठन चुनाव में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया से ही संगठन का चुनाव कराया जा रहा है। 20 नवंबर को नामांकन के बाद भी पार्टी हाईकमान जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की घोषणा करेगी। इसके बाद दोनों कार्यकारिणी गठित होंगी, जिसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा। -विजय बहादुर पाठक, प्रदेश महामंत्री