सहारनपुर। नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थी अब डाइनिंग शेड में बैठकर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) किया करेंगे। विद्यालय परिसरों में डाइनिंग शेड का निर्माण शुरू भी कर दिया गया है।
नगर क्षेत्र में परिषदीय विद्यालयों की संख्या 42 है, जिनमें एनजीओ के माध्यम से बना बनाया मध्याह्न भोजन भेजा जाता है। अभी तक बच्चे अपनी कक्षाओं में बेंच पर बैठकर या फिर फर्श पर बिछे टांट पर बैठकर मध्याह्न भोजन किया करते थे। मगर अब ऐसा नहीं होगा। मिड-डे मील समन्वयक अतुल कुमार ने बताया कि आईटीसी ने डाइनिंग शेड बनाने के लिए नगर के विद्यालयों को गोद लिया है। जिन भी विद्यालयों में डाइनिंग शेड के लिए जगह है, वहां डाइनिंग शेड बनाई जाएंगी। इसका पूरा खर्च आईटीसी के द्वारा किया जाना है। कई विद्यालयों में डाइनिंग शेड तैयार भी हो चुकी है।
ऐसी होगी डाइनिंग शेड
डाइनिंग शेड विद्यालय परिसर का खुला हिस्सा होगा, जिसमें टीनशेड डली होगी। टीनशेड के नीचे सीमेंट की बेंच और मेज बनाई जाएंगी। इन बेंच और मेजों को पेंट भी किया जाएगा। बच्चे इन्हीं बेंच पर बैठकर मध्याह्न भोजन किया करेंगे।
दो विद्यालयों में स्मार्ट क्लास भी
आईटीसी नगर क्षेत्र के दो विद्यालयों में स्मार्ट क्लास भी बनाएगा। इनमें एक स्मार्ट क्लास नुमाइश कैंप में यूआरसी परिसर स्थित विद्यालय में बनेगी, जबकि दूसरी स्मार्ट क्लास मल्हीपुर रोड के पिंजौरा स्थित विद्यालय में बनेगी। स्मार्ट क्लास में आईटीसी टच स्क्रीन प्रोजेक्टर और अन्य सभी जरूरी सुविधाएं देगी।
नगर क्षेत्र के विद्यालयों में आईटीसी कई कार्य करा रही है। दो विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनाई जा रही हैं, जबकि अन्य विद्यालयों में डाइनिंग शेड बनाई जानी हैं। सरकार की भी मंशा है कि दानदाता व्यक्तियों या संस्थाओं से सहयोग लेकर विद्यालयों में सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाए।
रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए।
फोटो कैप्शन - बेरीबाग स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन डाइनिंग शेड।