नानौता में हादसे के बाद परिजनों से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। ससुराल से बाइक पर घर लौट रहे दंपती और उनके बच्चे को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे महिला व उनका तीन वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि महिला को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
गांव हसनपुर निवासी मोहित पुत्र ठाठ सिंह अपनी पत्नी सारिका व तीन वर्षीय पुत्र जग्गू के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। मंगलवार की शाम करीब 6 बजे दिल्ली यमनोत्री हाईवे स्थित ग्राम बाबूपुरा के नजदीक उनकी बाइक को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें सारिका और जग्गू गंभीर रुप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानौता पर उपचार हेतु भरती कराया। जहां चिकित्सक ने तीन वर्षीय बालक जग्गु को मृत घोषित करते हुए घायल सारिका को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही घायल महिला के पिता बाबूराम निवासी ग्राम बधेय थाना आदर्श मंडी शामली अपने परिजनों सहित सीएचसी पर पहुंचे। बाबूराम ने पुलिस से बालक के शव को बिना पोस्टमार्टम के ही सुपुर्द करने की बात कहीं। इस पर शव उन्हें सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि बाइक व अज्ञात ट्रक की टक्कर से महिला व उसका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसमें तीन वर्ष से बालक की मौत हो गई। इस संबंध में मृतक के परिजन कोई कार्यवाही नहीं चाहते और बिना किसी कार्रवाई के बालक के शव को अपने साथ ले गए। यदि फिर भी परिजनों द्वारा तहरीर दी जाती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।