सहारनपुर। गर्मी और उमस में जिले में बढ़ रहे बिजली के ओवरलोड का एक बड़ा कारण अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल भी है। विद्युत निगम की टीमों की ओर से की जा रही चेकिंग में लगातार बिजली चोरी के मामले पकड़े जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी टीमों ने शहर के कई क्षेत्रों में जाकर घरों में जांच की तो 12 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करने पर इन घरों के कनेक्शन काट दिए गए।
नगरीय अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव की अगुवाई में अलग-अलग टीमों ने घंटाघर चौक, कलंदर शेर, पुरानी मंडी, आनंद नगर, कुम्हारों वाली गली सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली चोरी की पड़ताल के लिए चेकिंग की। यहां 12 घरों में अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल पाया गया। कटिया से केबल डालकर यहां बिजली चोरी की जा रही थी। निगम की ओर से चेकिंग की कार्रवाई का पता चलने पर आसपास के कुछ घरों में केबल हटवा लिए गए। चेकिंग टीम में अधिशासी अभियंता अनिल वर्मा, अनिल अरोड़ा, एसडीओ अंकित कुमार, आदित्य कुमार, कार्तिक गुप्ता सहित अन्य शामिल रहे।