पुलिस ने मनचलों को पकड़ा, चेतावनी देकर छोड़ा
सहारनपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सिविल पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान के तहत वेलेंटाइन डे पर इधर-उधर घूम रहे 15 से अधिक मनचलों को पकड़ने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। थाना कुतुबशेर, जनकपुरी और सिटी क्षेत्र में ऐसे युवकों पर सबसे अधिक निगरानी की गई।
इसके साथ ही सिविल और यातायात पुलिस की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में वाहनों की सघन चेकिंग भी जारी रही। शुक्रवार शाम तक पुलिस टीमों ने 3,376 वाहनों की जांच की। इनमें मान्य दस्तावेज पूरे न होने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 912 वाहनों का चालान किया गया। इन वाहन चालकों से 2,61,300 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इस चेकिंग में 463 चालान बिना हेलमेट के भी शामिल रहे जबकि 14 वाहन सीज कराए गए।
------------------------------------
चेकिंग में पकड़ा गया स्कूटी चोर
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने दर्पण तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक आरोपी को चोरी की स्कूटी के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फिरोज खान उर्फ अंधा बताया। वह क्षेत्र के ही हबीबगढ़ का रहने वाला है। उसने बताया कि उसने यह स्कूटी गौतमबुद्ध नगर से चोरी की थी। उसके कब्जे से कुछ चरस भी मिली।
---------------------------------------
युवती को देख सीटी बजाने पर डांट पिलाई
- वेलेंटाइन डे पर रेलवे रोड पर एक युवक ने स्कूटी पर जा रही युवती की ओर देखते हुए सीटी बजाई। वहीं, प्रधान डाकघर के पास खड़े एक सिपाही ने यह करते हुए देखा तो युवक को बुलाकर डांट पिलाई और चेतावनी देकर छोड़ दिया।