सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के कुतुबशेर रोड निवासी एक युवक ने बुधवार को एसपी सिटी से मिलकर साइबर ठगी की शिकायत की। उसने बताया कि पबजी गेम के रॉयल पैक के नाम पर जरूरी जानकारी जुटाने के बाद उसके खाते से आठ हजार रुपये निकाल लिए गए। उसने ठगों पर कार्रवाई की मांग की।
एसपी सिटी कार्यालय पहुंचे मुनेंद्र ने बताया कि वह अक्सर पबजी गेम खेलता है। इसी दौरान पबजी गेम के रॉयल पैक के नाम पर एक आनलाइन लिंक पर उससे उसके फोन नंबर, ईमेल आईडी, बैंक खाते से संबंधित डिटेल मांगी गई थी।
युवक के मुताबिक यह डिटेल उपलब्ध कराने के बाद उसके बैंक खाते से आठ हजार रुपये निकालकर ठगी कर ली गई। उसने मामले की जांच कराने की मांग की। इस मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले भी आनलाइन शॉपिंग, एटीएम बदलने, ओटीपी मांगने, पेटीएम केवाईसी के नाम पर, सोशल साइट हैक करके और अन्य कई माध्यमों से ठगी करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों को देखते हुए ही पुलिस प्रशासन ने 20 बिंदुुओं से अधिक गाइडलाइन वाली एडवाइजरी भी जारी की थी। लेकिन इसके बावजूद न तो लोग ही साइबर क्राइम के प्रति जागरूक हो रहे हैं और न ही पुलिस ऐसे मामलों पर अंकुश लगा पा रही है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि साइबर ठगों से बेहद सावधान रहने की जरूरत है। बैंक खाते से लेकर अन्य कोई भी निजी विवरण किसी अनजान शख्स या सत्यापन किए बिना किसी साइट और एप्स पर शेयर न करें। अन्यथा ठगी के शिकार हो सकते हैं।