सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में आयोजित मिनी ओलंपिक के तहत शनिवार को शतरंज और बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं कराई गई। खिलाड़ियों ने एक ओर जहां शतरंज प्रतियोगिता में माथापच्ची की, वहीं दूसरी ओर बास्केटबॉल में दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन आयुष्मान योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुशील गुप्ता और जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुधीर जोशी ने किया। शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-15 बालक वर्ग में श्रेयसराज ने नमन त्यागी को हराकर फाइनल जीता। अंडर-25 बालक वर्ग में कार्तिक सैनी, विवेक गर्ग को हराकर विजेता बने। अंडर-25 बालिका वर्ग में वर्तिका त्यागी को हराकर भूमि राणा विजेता बनी। निर्णायक मंडल में प्रशांत कुमार, टीआर मौर्य रहे। उधर, बास्केटबॉल के सेमीफाइनल मुकाबलों में यंग ब्लड क्लब देहरादून और ऑल स्टार सहारनपुर की टीमों ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में ऑल स्टार सहारनपुर की टीम यंग ब्लड देहरादून को 8-6 के अंतर से हराकर विजेता बनी। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. वकुल बंसल, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. हरवीर सिंह, डॉ. लोकेश कुमार, डॉ. संदीप गुप्ता, आशीष गर्ग आदि मौजूद रहे।