सहारनपुर। कोरोना काल में रेल कर्मियों ने भी कोरोना योद्धाओं की तरह कार्य किया है, लेकिन उनको वैक्सीन लगवाने के बारे में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया है। नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन ने मांग की है कि रेलवे अस्पताल में शिविर लगाकर रेल कर्मियों और उनके परिजनों को कोविड वैक्सीन लगवाई जाए।
यूनियन के सचिव अवतार सिंह ने बताया कि इस संबंध में रेलवे अस्पताल के सहायक मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर ललित से भी मुलाकात की गई। इसके बाद सीएमओ और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों से मांग की है कि रेलवे कर्मियों को भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कराया जाना जरूरी है। इसलिए रेलवे अस्पताल में ही शिविर लगाकर वैक्सीनेशन कराया जाए।
स्टेशन परिसर में थूकने और बगैर मास्क घूमने पर लगेगा जुर्माना
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में थूकने और मास्क नहीं लगाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। अंबाला डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक गुरिंदर मोहन सिंह ने बताया कि कोविड 19 की गाइडलाइन का पालन करना हर व्यक्ति का दायित्व है। रेलवे स्टेशन परिसर में पहुंचने वालों और ट्रेनों में यात्रा करने वालों को भी इसका ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि थूकने, मास्क नहीं लगाने पर 500 रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। इस संबंध में सभी रेलवे स्टेशन के अधीक्षकों को भी पत्र भेज दिया गया है।