सीएचसी की पाइप लाइन बंद, भाजपाइयों व स्वस्थ कर्मियों में हुई नोकझोंक
देवबंद (सहारनपुर)। सीएचसी के जच्चा बच्चा वार्ड में पीने के पानी की लाइन खराब होने पर सोमवार को भाजपाइयों और स्वास्थ्य कर्मियों में नोकझोंक हो गई। भाजपाइयों के सीएचसी में हंगामा करने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने कार्य बंद कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही विधायक ब्रिजेश सिंह और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मामले में समझौता हो गया। इस दौरान काफी समय तक अस्पताल परिसर में अफरा तफरी का माहौल रहा।
सोमवार को सुबह के समय सीएचसी के जच्चा बच्चा वार्ड में पीने के पानी की टंकी में पानी न आने की मरीजों के शिकायत करने पर भाजपा नगराध्यक्ष विपिन गर्ग साथियों सहित अस्पताल पहुंचे और महिला चिकित्सालय की प्रभारी से पानी की लाइन खराब होने पर रोष जताया। महिला चिकित्सालय से होकर भाजपाई सीएचसी अधीक्षक के कार्यालय पहुंचे । सीएचसी अधीक्षक के कार्यालय में न होने पर भाजपा नगराध्यक्ष ने सीएचसी प्रभारी से फोन पर बात की । इस दौरान दोनों में नोंक झोंक हो गई।
नगराध्यक्ष का आरोप है कि सीएचसी अधीक्षक ने उन्हें शाम को आने को कहा। प्रतिरोध करने पर उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया। भाजपा नगराध्यक्ष के साथ विवाद होने की सूचना पर सीएचसी में काफी संख्या में भाजपाई एकत्र हो गए। दूसरी ओर स्वास्थ्य कर्मियों ने कार्य बंद कर अस्पताल के ओपीडी गेट को बंद कर दिया। सीएचसी कर्मियों ने कहा भाजपाइयों ने सीएचसी अधीक्षक के बारे में अपशब्द कहे है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अस्पताल में हंगामा होने की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक ब्रिजेश सिंह, एसडीएम देवेंद्र पांडेय, कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
विधायक ब्रिजेश सिंह और एसडीएम ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. इंद्राज सिंह, नगराध्यक्ष विपिन गर्ग, महिला चिकित्सक डॉ. रियांका चौधरी के साथ सीएचसी अधीक्षक के कार्यालय में बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच मामला निपटवाया। विधायक ने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों से अच्छा व्यवहार करने की हिदायत दी। मामला निपटने के बाद स्वास्थ्य कर्मी काम पर लौट आए। दूसरी तरफ सीएचसी प्रभारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के आरोप को निराधार बताया है। इस दौरान दीपक राज सिंघल, श्यामवीर त्यागी, अरूण गुप्ता, गजराज राणा, विपिन त्यागी, राजेश अनेजा, डॉ. सुखपाल सिंह, बिजेंद्र गुप्ता, अभिषेक त्यागी, प्रमोद शाही आदि रहे।