सहारनपुर। भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती के कारण महानगर से लेकर देहात क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है। जनता को राहत दिलाने के लिए नगर विधायक राजीव गुंबर आधी रात के बाद महानगर के कई बिजलीघरों में पहुंचे और विद्युतकर्मियों को फटकार लगाई। इसी तरह पूर्व मंत्री चौधरी नीरपाल सिंह के क्षेत्र की बिजली रात भर बाधित रही। रात भर विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन करते रहे, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। सुबह होने पर बिजली ठीक कराई गई।
पिछले सप्ताहभर से जिले में भीषण गर्मी ने कहर बरपा रखा है। इसके चलते बिजली की मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। सबसे अधिक परेशानी हकीकत नगर, जैन बाग, हाकिमपुरा और मानकमऊ अर्बन फीडर पर आदि पर आ रही है। बृहस्पतिवार रात हकीकत नगर में पानी की टंकी के पास क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। सपा सरकार में मंत्री रहे और वर्तमान में रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने हकीकत नगर बिजली घर पर फोन किया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। रात 11:30 बजे लाइट गई, जो सुबह 10 बजे ठीक हुई। चौधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि विद्युतकर्मी मनमानी पर उतारू है। नेताओं के फोन भी नहीं रिसीव कर रहे तो आमजन को क्या सुविधा देते होंगे। इसी तरह अस्पताल चौक पर ट्रांसफार्मर फूंकने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शिवाजी नगर, आवास विकास, तोता चौक, गोविंद नगर, बापू नगर आदि क्षेत्रों में कट लगते रहे।
- रात ढाई बजे बिजलीघरों में पहुंचे नगर विधायक, लगाई फटकार
बिजली कटौती का यह हाल है कि हर कोई परेशान है। लगातार फोन पर बिजली कटौती की शिकायतें मिलने के बाद बृहस्पतिवार रात करीब ढाई बजे नगर विधायक राजीव गुंबर सड़क पर उतरे। वह माधव नगर, 220 केवी पेपर मिल रोड, जनक नगर, हकीकत नगर बिजलीघर पर पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात विद्युतकर्मियों बार-बार कटौती को लेकर फटकार लगाई। यकां तक कि अस्पताल चौक पर फूंक ट्रांसफार्मर को रात में ही बदलवाया गया। विधायक ने बताया कि कई जगह अनावश्यक रूप से भी बिजली कटौती की जा रही है, जो किसी हालत में स्वीकार नहीं है।
- मुख्य अभियंता ने की उपभोक्ताओं से अपील
उधर, बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए विद्युत निगम के मुख्य अभियंता राजेश वर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की है। उन्होंने बताया कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है। इससे ट्रांसफार्मर और ग्रिड पर अधिक भार पड़ रहा है। बताया कि दोपहर में 12 से शाम चार बजे तक और शाम सात से रात 11 बजे तक एसी का तापमान 24 या उससे अधिक रखे। वहीं, विद्युत निगम ने फीडरों पर लगी मशीनों को ठंडा रखने के लिए वाटर कूलर भी रखवाएं।
- आज इन क्षेत्रों की आपूर्ति रहेगी प्रभावित
अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड तकनीकी गौरव कुमार ने बताया कि शनिवार को जनक नगर उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि बाजोरिया रोड, गोविंद विहार, ग्रीन लैंड, संतनगर, नुमाइश कैंप, जनक नगर, शालीमार, लिंक रोड, माधोनगर, पॉवर हाउस कॉलोनी, कंपनी बाग आदि क्षेत्रों की आपूर्ति सुबह आठ से 11 बजे तक बाधित रहेगी। बिजनेस प्लान के तहत 11केवी के विद्युत पोल लगाने और नगर निगम के पोल को हटाने का कार्य किया जाएगा।