बवाल के बाद सड़क पर पत्थर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के ग्राम शब्बीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री की सभा से लौट रहे लोगों पर ग्राम चंदपुरा में 23 मई को हमला कर दर्जनों लोगों को घायल करने एवं एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 8 लोग जांच में बेकसूर पाए गए हैं।
पुलिस अब कोर्ट में 169 के तहत रिपोर्ट प्रस्तुत कर उन्हें शीघ्र रिहा कराएगी। जबकि 16 लोगों को इस मामले में आरोपी मान लिया गया है। ग्राम शब्बीरपुर में 23 मई को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की सभा के बाद लौट रहे दलित समुदाय के लोगों पर कुछ लोगों ने ग्राम चंदपुरा में हमला कर दिया।
जिसमें ग्राम सुआहेड़ी के आशीष की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने 24 लोगों को आरोपी बनाया और आठ लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया। लेकिन पुलिस विवेचना के दौरान 8 लोगों की इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं पाई गई।
जबकि 16 लोगों को इस मामले में संलिप्त मान लिया गया। जो आठ लोग तफ्तीश के दौरान निर्दोष पाए गए हैं और पुलिस उन्हें जेल भेज चुकी है, अब उन्हें शीघ्र ही रिहा करा दिया जाएगा।
पुलिस इस मामले में कोर्ट में एफीडेविट देते हुए 169 की कार्रवाई करा रही है। जबकि तफ्तीश में दोषी पाए गए लोगों की गिरफ्तारी के पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। सभी लोग अंबेहटा चांद के रहने वाले हैं। इससे पूर्व भी 9 मई की घटना में निर्दोष पाए गए शिवम, अजय एवं अन्य को पुलिस छोड़ चुकी है।