सिरमौर में मारे गए नौमान के घर मातम पसरा है। जैसे ही उसकी मौत की खबर घर पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। ग्रामीण उसके घर इकट्ठा हो गए। उसका पिता और परिवार के अन्य सदस्य शव लेने सिरमौर चले गए।
मिर्जापुर के सईद का 20 साल का बेटा नौमान गांव के ही अपने पांच साथियों नीशू पुत्र महमूद, इकराम पुत्र महमूद, गुलफाम पुत्र सादा, सलमान पुत्र इमरान और गुलजार पुत्र नसीम के साथ मंगलवार की सुबह घर से किसी काम के लिए सिरमौर गया था। बृहस्पतिवार की सुबह सिरमौर से आए फोन पर बताया गया कि नौमान को कुछ लोगों ने पीटकर मार डाला है।
बताया कि उसके और उसके साथियों के पास करीब 15 गौवंश भी बरामद हुए हैं। इस खबर के बाद नौमान के घर कोहराम मच गया। मां और 12 वर्षीय छोटे भाई सुभान का भी रो रो कर बुरा हाल था। पिता सईद बेटे की लाश लेने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सिरमौर के लिए रवाना हो गया।
परिजनों के अनुसार वह काम की तलाश में वहां गया था लेकिन बताया जा रहा है कि उनके पास से गौवंश बरामद हुए हैं। उधर पिछले साल अगस्त में नौमान के खिलाफ गौवंश अधिनियम की धाराओं में मिर्जापुर थाने पर रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। इसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।