-संक्रमित शिक्षिका के संपर्क में आने से आठ लोग हो चुके हैं कोरोना संक्रमित
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। शादी समारोह से कोरोना संक्रमित होकर लौटी शिक्षिका से संक्रमण फैलने की चेन टूट नहीं पा रही है। बुधवार को चार साल का बच्चा भी कोरोना संक्रमित मिला है। शिक्षिका के संपर्क में आने से अभी तक आठ लोग पॉजिटिव आ चुके हैं, जबकि कई लोगों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। इसके अलावा बुधवार को नए नमूने भी जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं।
नगर के एक पब्लिक स्कूल की शिक्षिका शादी समारोह से लौटी थी, जिसके बाद से उसकी तबीयत कुछ खराब थी। जांच कराने पर दस दिसंबर को कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी, जिसके बाद चिकित्सा विभाग ने उसके संपर्क में आए शिक्षकों और छात्रों की जांच कराई थी। 13 दिसंबर को दो साथी शिक्षक और एक शिक्षक का बेटा जो उसी स्कूल का 11वीं का छात्र था पॉजिटिव पाए गए थे। छात्र के संपर्क में आए छात्रों की जांच कराई गई तो एक और छात्र की रिपोर्ट में संक्रमण पाया गया। शिक्षिका के घर में किराए पर रहने वाले तीन लोगों की रिपोर्ट मंगलवार 21 दिसंबर को पॉजिटिव आई थी, जिसमें दंपती और उनका आठ वर्ष का बेटा शामिल था। बुधवार को इसी परिवार के एक और चार साल के बच्चे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जिसके बाद से संक्रमित परिवार की टेंशन तो बढ़ी ही हुई है, साथ ही चिकित्सा विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है। विभाग संक्रमित परिवार के संपर्क में आए लोगों की भी कोरोना जांच करा रहा है। खास बात यह है कि शिक्षिका के संपर्क में आने से संक्रमित मिले लोगों की चेन टूट नहीं पा रही है।
-----
अब 13 एक्टिव मरीज
जनपद में इस बार अभी तक 16 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से तीन मरीज पहले ही ठीक हो चुके हैं। बुधवार को चार साल के बच्चे के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 13 हो गई है।
-----
संक्रमण के साथ जांच बढ़ी
लगातार कोरोना मरीज मिलने की वजह से लोग अलर्ट हुए हैं। यही वजह है कि कोरोना की जांच भी बढ़ गई हैं। नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि सहारनपुर में प्रतिदिन पांच हजार से अधिक लोग कोरोना की जांच करा रहे हैं। जिस परिवार के दो बच्चों समेत चार सदस्य संक्रमित मिले है। उनके संपर्क में आने वालों की जांच के लिए नमूने लिए गए हैं।
-----
जनपद में लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। ऐसे में लोगों को सचेत हो जाना चाहिए। बेवजह भीड़ वाली जगहों जैसे बाजार, मॉल, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन जाने से बचें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क लगाकर रखें।
डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।