सहारनपुर। अगले महीने से शुरू होने वाले सावन माह और कांवड़ यात्रा के चलते पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी से निगरानी होगी, साथ ही ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रहेगी। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए।
11 जुलाई से सावन माह शुरू होगा। 23 जुलाई को शिवरात्रि मनाई जाएगी। सावन शुरू होते ही कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो जाएगा। जिले से हरियाणा, पंजाब के कांवड़िए गुजरते हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर अधिक से अधिक सीसीटीवी लगाए जाएंगे। सोशल मीडिया को सक्रिय रहेगा और झूठी खबरों का खंडन होगा। कांवड़ मार्गों पर लगे सीसीटीवी की निगरानी कुशल कर्मियों से कराएं और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी होगी।
उन्होंने सभी सीओ, थाना प्रभारी समेत कर्मचारी अपने कांवड़ यात्रा मार्ग पर भ्रमण कर जहां कमी है उसे सूची बनाकर दूर करेंगे। थाना प्रभारी कांवड़ यात्रा की तैयारी अभी से कर लें। रूट की जानकारी कर यह भी देख लें कि वह कौन से जोन और सेक्टर में है। कांवड़ यात्रा मार्गो पर मांस, मदिरा की दुकानों को कांवड़ यात्रा शुरू होते ही बंद करा दें। पूर्व की भांति कांवड़ शिविर लगेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी। पूर्व की कमियों को ध्यान में रखकर निगरानी होगी।