बेहट (सहारनपुर)। बाइक सवार तीन बदमाशों ने मंगलवार को दिन दहाड़े कोतवाली बेहट क्षेत्र में हाईवे पर एक परचून व्यापारी से 83 हजार रुपये की नगदी से भरा थैला लूट लिया। व्यापारी के शोर मचाने पर पास ही एक दुकान पर खड़े दो युवकों ने अपनी बाइक से बदमाशों का पीछा किया। बदमाश लूटे गए थैले से नगदी निकाल कर उसे गंदेवड़-हथनी कुंड़ बैराज रोड पर फेंक कर भाग गए। बदमाश हड़बड़ाहट में थैले से पूरी नगदी नहीं निकाल पाए, जो नगदी थैले में बची था, वह सड़क पर बिखर गई, इसे एकत्र कर युवकों ने व्यापारी को सौंपा।
दुस्साहसिक वारदात बदमाशों ने गंदेवड़ में पेट्रोल पंप के पास की। गांव रतनपुर कल्याणपुर निवासी जसबीर पुत्र राजपाल परचून व्यापारी हैं। मंगलवार को जसबीर किराये पर एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटीलिटी व्हीकल) लेकर हरियाणा के यमुनानगर सामान खरीदने जा रहे थे। चालक सचिन ने गंदेवड़ में पेट्रोल पंप से पहले ही एक दुकान पर टायरों में हवा डलवाने के लिए एसयूवी रोक ली, तभी एक बिना नंबर की बाइक आकर वहां रुकी। उस पर तीन लोग सवार थे। इससे पहले जसबीर कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनके हाथ से नगदी से भरा थैला लूट लिया और गंदेवड़-रायेपुर रोड की तरफ बाइक दौड़ा दी। जसबीर के शोर मचाने पर पास ही एक दुकान पर खड़े गांव टोली निवासी अनीस व तोेसीन ने अपनी बाइक उठाई और बदमाशों के पीछे लग गए। इस दौरान कई बार बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी देते हुए पीछा करने से मना भी किया, लेकिन दोनों हिम्मत कर उनका पीछा करते रहे। आलमपुर-अमादपुर के रास्ते के पास बदमाशों ने थैले से नगदी निकाली और उसे सड़क पर फेंक दिया। हड़बड़ाहट में बदमाश थैले से पूरी नगदी नहीं निकाल पाए, इससे थैले में बची नगदी सड़क पर बिखर गई। पीछा कर रहे दोनों युवक सड़क पर नगदी बिखरी देखकर रुक गए। उन्होंने थैला उठाने के साथ ही सड़क पर बिखरे नोटों को इकट्ठा किया और मौके पर पहुंचे व्यापारी को सौंपा। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पीड़ित व्यापारी से घटना की जानकारी करने के बाद बदमाशों की तलाश में निकल गई, लेकिन उनका पता नहीं चला। पीड़ित व्यापारी ने बताया बदमाश जो कैश लूटकर ले गए, वह करीब 50 हजार है। बाकी मिल गया है। दिन दहाड़े हाईवे पर हुई लूट के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बेहट से ही पीछे लगे थे बदमाश
बेहट। परचून व्यापारी से लूट की वारदात करने वाले बाइक सवार तीनों बदमाश बेहट से स्पोर्ट्स यूटीलिटी व्हीकल (एसयूवी) के पीछे लगे थे। उन्होंने पहले से ही पूरी रेकी कर रखी थी। बेहट में एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश सड़क किनारे खड़े नजर आ रहे हैं। जैसे ही एसयूवी बेहट से होकर निकली बदमाशों ने उसके पीछे बाइक लगा दी और गंदेवड़ में जैसे ही चालक ने टायरों में हवा डलवाने के लिए एसयूवी रोकी, तो बदमाशों को मौका मिल गया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे
बेहट। दिन दहाड़े हाईवे पर लूट की वारदात होने के बाद बेहट पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जिस जगह बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, वह अति व्यस्त क्षेत्र है। यहां पेट्रोल पंप के अलावा हाईवे के दोनों किनारे पर टायर पंचर की दुकानें और ढाबे काफी संख्या में है, जिन पर दिन रात लोगों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा यूपी-112 की गाड़ी भी ज्यादातर समय यहां खड़ी देखी जा सकती है। कोतवाली पुलिस की पिकेट भी तिराहे पर हर वक्त रहती है, लेकिन इसके बाद भी बदमाश आसानी से भाग गए।
बदमाशों ने नगदी से भरा थैला लूटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी की फुटेज से बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. अशोक कुमार मीणा, एसपी देहात सहारनपुर
सीसीटीवी में कैद बाइक सवार बदमाश- फोटो : SAHARANPUR