पहली पत्नी के परिजनों ने रुकवाई शादी, देर शाम तक थाने में समझौते में जुटे थे दोनों पक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
नागल (सहारनपुर)। पहली शादी का मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद युवक बरात लेकर दूसरी शादी करने पहुंच गया। इसकी भनक लगने पर पहली पत्नी के परिजनों ने समारोह स्थल पर पहुंच हंगामा खड़ा कर दिया। यह देख दुल्हन पक्ष के लोगों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। उन्होंने दुल्हा पक्ष के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के एक गांव निवासी युवक की शादी तीन वर्ष पूर्व जिले के ही एक गांव में हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी में विवाद हो गया और मामला न्यायालय में पहुंच गया। इसी बीच युवक के परिजनों ने नागल क्षेत्र के एक गांव में उसकी दूसरी शादी तय कर दी। रविवार को लड़का पक्ष बरात लेकर गांव में आया हुआ था। शादी की रस्मों की तैयारी चल रही थी लेकिन तभी पहली पत्नी के परिजन पुलिस लेकर मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस दूल्हे और बरातियों को थाने ले आई। इस मामले में दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। देर शाम तक दोनों पक्षों के लोग थाने पर डटे थे। उधर, थाना प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है। यदि समझौता नहीं होता तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।