सहारनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शक्ति नगर निवासी एवं श्री महादेव मंदिर प्रबंधक विक्रम सिंह राणा ने थाना सदर बाजार में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि यह लोग मंदिर की संपत्ति को फर्जी तरीके से कोर्ट में पक्षकार बनने की कोशिश कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता विक्रम सिंह राणा थाना सदर बाजार में तहरीर दी है। उनका कहना है कि नितिन ग्रोवर के पास बार काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से जारी सीओपी नंबर नहीं है। जांच की गई तो पता चला कि नितिन ग्रोवर ने अधिवक्ता बनने के लिए परीक्षा पास नहीं की है। विक्रम सिंह का आरोप है कि वह अब तक करीब 75 से अधिक मामलों में वकील बनकर पेश हो चुका है। इसके अलावा पार्थ ग्रोवर और मांगेराम के साथ मिलकर आरोपियों ने मंदिर के प्रबंधक से 10 लाख रुपये की मांग की। मना करने पर अभद्रता की।
आरोप यह भी है कि नितिन ने अपने नाम की फर्जी मुहर बनवाकर वकालतनामे में इस्तेमाल की। यहां तक कि सहारनपुर अधिवक्ता संघ को भी इसकी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिस पर अधिवक्ता संघ ने नितिन ग्रोवर को नोटिस भेजा। थाना सदर बाजार पुलिस ने नितिन ग्रोवर, पार्थ ग्रोवर, मांगेराम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।