- डॉ. भीमराव आंबेडकर समिति पदाधिकारी ने देहात कोतवाली में दी तहरीर
- भावनाओं को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप, पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव नयागांव में पीडीए पाठशाला चलाने वाले सपा नेता फरहाद गाड़ा के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम को गलत तरीके लिया गया, जिससे भावनाओं को आहत पहुंची। इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नयागांव निवासी सपा नेता फरहाद गाड़ा ने अपने घर पर अनधिकृत रूप से पीडीए पाठशाला चलाई। उसमें बच्चों को एक फॉर अखिलेश, बी फॉर भीमराव आंबेडकर डी फॉर डिंपल और एम फॉर मुलायम पढ़ाया गया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव कल्लरपुर निवासी व डॉ. भीमराव आंबेडकर समिति पदाधिकारी मैन सिंह ने देहात कोतवाली में फरहाद गाड़ा के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम गलत तरीके से लिया गया, जिससे समाज सहित तमाम वर्गों की भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने फरहाद गाड़ा के खिलाफ लोगों की भावनाओं को आहत पहुंचाने पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- वर्जन
नयागांव में अनधिकृत रूप से पीडीए पाठशाला चलाई जा रही थी, जिससे बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई है। देहात कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी है। - व्योम बिंदल, एसपी सिटी