मिर्जापुर(सहारनपुर)। गांव पाडली की नदी पर मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब एक घायल बाइक सवार को इलाज के लिए मिर्जापुर ले जा रही कार अचानक नदी की तेज धार में बहने लगी। कार सवारों ने किसी तरह कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बाद में ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के सहारे कार को नदी से बाहर निकाला गया।
गांव पाडली निवासी अजहर किसी कार्य से मिर्जापुर जा रहा था। वह गांव की नदी के रपटे के पास पहुंचा तभी सामने से आ रही एक कार ने उसकी बाइक में साइड मार दी। हादसे में अजहर बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही अजहर के पिता मेहरबान और भाई ओसामा, अफजाल, जीशान व वसीम कार लेकर मौके पर पहुंचे। परिजन घायल अजहर को कार में लेकर मिर्जापुर के लिए रवाना हुए।
वे जब गांव की नदी के रपटे से होकर निकलने लगे अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आकर कार बहने लगी। कार को बहता देख उसमें सवार सभी लोग घबरा गए और किसी तरह कार से नीचे उतरकर उसे रोकने का प्रयास करने लगे लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि वे कार को रोक नहीं पाए। देखते ही देखते कार पानी की धार में बहने लगी।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक ने मदद के लिए अपना ट्रैक्टर रोका। ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे कार को ट्रैक्टर से बांधा गया और काफी मशक्कत के बाद कार को नदी की तेज धार से बाहर निकाला गया। कार बाहर निकलने के बाद कार सवारों ने राहत की सांस ली। इसके बाद घायल अजहर को दूसरे वाहन से मिर्जापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक के यहां उसका उपचार कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण पाडली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ रहा है। ऐसे में नदी के रपटे से आवागमन करना बेहद जोखिम भरा हो गया है।