पुल की दीवार से टकराई कार, युवक की मौत
सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित मेला गुघाल पुल पर कार अनियंत्रित होकर पुल की दीवार से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पता लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला संत नगर निवासी अभिषेक (21) अपने दोस्त मुकेश निवासी शारदानगर को रविवार सुबह करीब पौने चार बजे घर छोड़ने जा रहा था। पुलिस के मुताबिक कार अभिषेक चला रहा था। जैसे ही वह अंबाला रोड पर मेला गुघाल पुल पर पहुंचा तो कार अनियंत्रित होकर पुल की दीवार से जा टकराई। अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। मुकेश उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ प्रथम चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। संवाद