तीतरो (सहारनपुर)। गोमांस बरामद होने के बाद मामले को रफा दफा करते हुए उसे नाले में दबवाने के मामले में भाजपाइयों के हंगामे के बाद आखिरकार कोतवाली प्रभारी मुकेश गौतम पर इसकी गाज गिर गई। सीओ के आदेश के बाद भी मौके पर न पहुंचने पर कोतवाली प्रभारी को एसएसपी ने निलंबित कर दिया।
चार दिन पहले कोतवाली पुलिस ने कस्बे में दो बाइकों का पीछा उन पर लाद कर ले जाए जा रहे गोमांस को बरामद किया। आरोप था कि इस मामले को कोतवाल मुकेश गौतम ने रफा दफा कर गोमांस को थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित एक सरकारी नाले में जमीन खोद कर दबवा दिया। इस प्रकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गत दिवस हंगामा कर सीओ से इसकी शिकायत की। सीओ ने कोतवाली प्रभारी को मौके पर पहुंचने के आदेश दिए, लेकिन वे नहीं पहुंचे। इसके बाद सीओ ने एक दरोगा और दो पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर नाले की खुदाई कराई तो वहां से मांस बरामद हो गया। पशु चिकित्सक की जांच में इसके गोमांस होने की पुष्टि हुई। इसके बाद सीओ गंगोह ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी को भेज दी। कप्तान ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानकर कोतवाली प्रभारी मुकेश गौतम को निलंबित किया।
कोतवाली पहुंचे सीओ (गंगोह) अजय शर्मा ने बताया कि शनिवार की सुबह के समय जब मांस को नाले से निकाला जा रहा था तो उन्होंने कोतवाल को मौके पर पहुंच कर खोदाई कराने के आदेश दिए, लेकिन कोतवाल मौके पर नहीं पहुंचे। सीओ ने बताया कि महिला उत्पीड़न, गोकशी और संवेदनशील मामलों में कोई भी हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी।