सहारनपुर के जिलाधिकारी पवन कुमार ने बृहस्पतिवार को जिले की चीनी मिलों के अध्यासियों, प्रधान प्रबंधकों, जिला गन्ना अधिकारी, गन्ना समितियों के सचिवों और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों की बैठक में भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने चेतावनी दी कि 31 जुलाई तक पूरा भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ एक अगस्त को दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने चीनी मिल प्रबंधकों केपेंच कसे।
उन्होंने शेरमऊ चीनी मिल के यूनिट हेड पीके अवस्थी, और गांगनौली मिल के यूनिट हैड वीपी सिंह को गन्ना मूल्य भुगतान त्वरित गति से नहीं करने पर नाराजगी जताई।
इस पर गांगनौली के यूनिट हैड ने बताया कि उनके पास करीब 54000 क्विंटल चीनी बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसे 31 जुलाई तक बेचकर भुगतान कर दिया जाएगा। देवबंद मिल के उपाध्यक्ष ने भी जल्द ही बकाया भुगतान करने का भरोसा दिलाया। जबकि शेरमऊ मिल के अधिकारी कोई ठोस आश्वासन नहीं दे सके।