सहारनपुर में यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा देने के लिए आए युवाओं का दूसरे दिन भी शहर की सड़कों पर कब्जा रहा। परीक्षार्थी ट्रेनों में पायदान और कपलिंग और बसों की छतों पर जान खतरे में डालकर परीक्षा देने के लिए पहुंचे।
इस कारण रात तक हादसों का डर सताता रहा। कई स्थानों पर युवाओं के हंगामे और शहर में घंटों लगे जाम के सामने पुलिस बेबस नजर आई। दूसरे दिन भी 36 हजार अभ्यर्थियों ने 33 केंद्रों पर परीक्षा दी।
परीक्षा में शामिल होने के लिए कई जिलों से हजारों अभ्यर्थियों के सोमवार शाम ट्रेनों ओर बसों में जान खतरे में डालकर यहां पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
ट्रेनों में पैर रखने की जगह तक नहीं थी। अभ्यर्थियों ने कोच के दरवाजे के पायदान पर खड़े होकर हैंडल पकड़कर सफर किया। जगह न मिलने की वजह से कोच के कपलिंग पर खड़े होकर भी अभ्यर्थियों ने अपनी यात्रा पूरी की। बस अड्डों पर भी पूरे दिन मारामारी रही।
बस में चढ़ने को लेकर अभ्यर्थियों की यात्रियों के कहासुनी भी हुई। अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन, धर्मशालाओं और होटलों में रात बिताई। पुलिस ने सुुरक्षा कड़े इंतजाम किए। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की गहनता से चेकिंग हुई ताकि वह कोई अनुुुुचित सामग्री ना ले जा सकें। परीक्षार्थियों पर कैमरे से नजर रखी गई।
मंगलवार सुबह महानगर के 33 केंद्रों पर प्रथम पाली में सुबह दस बजे परीक्षा शुरू हुई जो 12 बजकर पांच मिनट पर खत्म हुई। सवेरे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। द्वितीय पाली में दोपहर तीन बजे परीक्षा शुरू हुई जो शाम पांच बजकर पांच मिनट पर संपन्न हुई। दोनों पालियों में करीब 36 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को शामिल होना था।
इसमें से बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के नोडल अधिकारी और एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने बताया कि दूसरे दिन की परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लेकर व्यवस्था देखी।
---
इन इलाकों में लगा जाम
सहारनपुर। परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ से शहर के कई इलाकों में जाम लग गया। देहरादून रोड पर घंटाघर से लेकर जेल चुंगी तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। कोर्ट रोड, अग्रसेन चौक, रेलवे रोड, जीपीओ मार्ग, अंबाला रोड, चिलकाना रोड, जैन कालेज रोड, दिल्ली रोड, अंबाला रोड, दालमंडी पुल, घंटाघर, विश्वकर्मा चौक, जिला अस्पताल पुल, बाजोरिया मार्ग पर पूरे दिन जाम लगा रहा। यातायात और थाना पुलिस ने चौराहों पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। शाम को यातायात संचालन सुचारु हो सका।
-------------------------------------------
गहने उतरवाए, सामान रखवाया बाहर
सहारनपुर। परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग के दौरान महिला अभ्यर्थियों के गहने उतरवा लिए। कान के टॉप्स, गले की चेन, मंगलसूत्र, जूते-चप्पल, बैग, मोबाइल फोन बाहर रखवाए गए। हालांकि महिला अभ्यर्थियों ने इस एतराज भी जताया, मगर जरूरी बताकर उन्हें बाहर ही रखवा लिया गया।