गंगोह में उप चुनाव के बाद समर्थको के साथ सपा प्रत्याशी इन्द्र सैन
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर/गंगोह। उपचुनाव में ताल ठोकने वाले प्रत्याशियों ने मतदान के बाद नींद पूरी कर अपनी थकान उतारी। इसके साथ ही मंगलवार को प्रत्याशियों का दिन परिवार और समर्थकों के साथ बीता। सभी प्रत्याशी मतदान प्रतिशत और समीकरण के आधार पर जीत का दावा करते हुए नजर आए।
15 दिन से चुनाव को लेकर भागदौड़ में लगे गंगोह विधानसभा उपचुनाव भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा प्रत्याशियों ने मंगलवार का दिन परिवार और समर्थकों संग बिताया। शहर के शिवालिक विहार निवासी भाजपा प्रत्याशी किरत सिंह सुबह कुछ देर परिवार के साथ बैठने के बाद अपने समर्थकों के साथ गंगोह चले गए और वहां लोगों से मुलाकात की। इसके बाद शाम को घर लौटकर किरत सिंह समर्थकों मतदान प्रतिशत के आधार हार-जीत के समीकरण बैठाते हुए नजर आए। किरत सिंह का कहना है आंकड़े बताते हैं कि उनकी जीत पक्की है।
सपा प्रत्याशी चौधरी इंद्रसैन ने गंगोह विधानसभा क्षेत्र के गांव झाड़वन स्थित सपा जिलाध्यक्ष और अपने बड़े भाई चौधरी रूद्रसैन के कार्यालय पर समर्थकों संग दिन बिताया। सुबह से ही कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। चौधरी रूद्रसैन, प्रत्याशी इंद्रसैन के साथ उनके भाई भूपेंद्र चौधरी और समर्थकों के चेहरे खिले हुए नजर आए। चौधरी रूद्रसैन ने सर्वसमाज से मिले सहयोग के आधार पर दावा किया कि उन्हें हर वर्ग का वोट मला है। इसी वजह से हम चुनाव जीत रहे हैं। चौधरी इंद्रसैन ने कहा कि माहौल शुरू से ही उनके पक्ष में बना हुआ था। ईश्वर की इच्छानुसार उनकी जीत पक्की है। इसके साथ ही अलग-अलग ग्राम पंचायतों से आए समर्थकों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में सर्वाधिक वोट सपा प्रत्याशी को मिलने का दावा किया। कांग्रेस प्रत्याशी नोमान मसूद गंगोह में अपने आवास पर समर्थकों संग हुक्के की गुड़गुड़ाहट के साथ हार-जीत को लेकर चर्चा करते नजर आए। नोमान मसूद ने कहा कि उन्हें हर वर्ग का भरपूर वोट मिला है। जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से उनकी जीत पक्की है। जीत के बाद जनता से किए एक-एक वायदे पूरा करेंगे। बसपा प्रत्याशी चौधरी इरशाद ने गंगोह में लोगों और समर्थकों के साथ मुलाकात की। एक-एक बूथ पर पड़े वोटों के आधार पर चौधरी इरशाद ने जीत का दावा किया है। उनका कहना है कि सर्वसमाज का वोट बसपा को मिला है। आंकड़े बता रहे हैं कि वह भारी अंतर से जीत रहे हैं। यह जनता के स्नेह और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
फुरसत के पल मतदान के बाद विचार विर्मश करते कांग्रेस प्रत्याशी नौमान मसूद- फोटो : SAHARANPUR
अंबेहटा में चुनाव के बाद हार जीत की समीक्षा करते भाजपा प्रत्याशी चौधरी किरत सिंह- फोटो : SAHARANPUR