सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश सोमवार से शुरू हो गए। प्रवेश लेने के लिए कॉलेजों में भीड़ रही। मंगलवार यानी आज प्रवेश लेने का अंतिम दिन रहेगा।
रिक्त सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन पंजीकरण के लिए पोर्टल 11 अगस्त तक खोला था। उसके बाद 13 अगस्त को ब्लैंक ऑफर लेटर जारी करते हुए अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर कॉलेजों में जमा कराने के लिए 13 और 14 अगस्त का समय दिया। इन तिथियों में अनेक अभ्यर्थियों ने कॉलेजों में ऑफर लेटर जमा कराए। सोमवार और मंगलवार यानी 17 और 18 अगस्त का दिन प्रवेश के लिए निर्धारित था। ऐसे में पहले दिन सोमवार को अनेक अभ्यर्थी प्रवेश लेने के लिए कॉलेजों में पहुंचे। जेवी जैन कॉलेज में सुबह से शाम छह बजे तक अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही।
17 अगस्त के प्रवेश के बाद भी कई पाठ्यक्रमों में सीटें खाली हैं, जिनको भरना विश्वविद्यालय और कॉलेजों के लिए चुनौती है और अभ्यर्थियों के पास प्रवेश लेने के लिए अब केवल एक दिन शेष है। विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. संजय कुमार गुप्ता ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि जिनको ऑफर लेटर जारी हुए हैं और उन्होंने अपना ऑफर लेटर कॉलेज में जमा कराया है। वह 18 अगस्त तक हर हाल में प्रवेश ले लें, क्योंकि उसके बाद मौका नहीं मिलेगा।