सहारनपुर। जम्मू-कटरा खंड में निरस्त चल रही ट्रेनों का दोबारा से संचालन शुरू होगा। यह ट्रेनें एक नवंबर से चलेंगी। रेलवे ने ट्रेनों के संचालन की सूची जारी कर दी है। इससे मां वैष्णों देवी जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
पंजाब में आई बाढ़ की वजह से जम्मू-कटरा जाने वाली ट्रेनों को निरस्त कर दिया था। अब रेलवे ने ऋषिकेश और कामाख्या से ट्रेनों का संचालन दोनों दिशाओं में करने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 15656 कटरा-कामाख्या एक्सप्रेस पांच नवंबर से, 15655 कामाख्या-कटरा एक्सप्रेस का संचालन दो नवंबर से किया जाएगा।
ट्रेन नंबर 14609-10 योगनगरी ऋषिकेश-कटरा हेमकुंड एक्सप्रेस का संचालन एक नवंबर से शुरू होगा। रेलवे ने ट्रेनों के आरक्षण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरक्षण सिस्टम को भी अपडेट कर दिया है। हालांकि, अभी बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस का संचालन नहीं हुआ है।
यह ट्रेन भी बाढ़ की वजह से निरस्त चल रही है। इसकी वजह यह है कि अभी जम्मू-कटरा रेल खंड पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाया है। रेलवे धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।