सरसावा में कैनरा बैंक की एटीएम मशीन उखडने के बाद खाली पडा कक्ष
- फोटो : SAHARANPUR
केनरा बैंक का एटीएम उखाड़कर ले गए बदमाश
सरसावा (सहारनपुर)। सरसावा के गांव पिलखनी में अंबाला रोड पर लगे केनरा बैंक के एटीएम को बदमाश उखाड़कर ले गए। बदमाशों ने हाईवे पर ही इस वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस को खबर तक नहीं लगी। एटीएम से बैंक भी सटा हुआ है। सुबह जब बैंककर्मी बैंक खोलने पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरसावा थाने की मेडिकल पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव पिलखनी में अंबाला रोड पर केनरा बैंक की शाखा है। यहां बैंक के मुख्य द्वार के बराबर में ही बने एक कक्ष में एटीएम लगा हुआ है। बैंक की प्रबंधक पारुल ने बताया कि मंगलवार सुबह जब कर्मचारी बैंक खोलने आए तो देखा कि एटीएम कक्ष का शटर पूरा खुला है और एटीएम गायब है। कर्मचारियों ने बताया कि एटीएम कक्ष के बाहर्र इंटों का ढेर लगा हुआ था। सोमवार रात हुई इस वारदात में संभवत: चोरों ने एटीएम को गाड़ी में लादने के लिए ईंटों का ढेर लगाया होगा। प्रबंधक ने बताया कि एटीएम का कक्ष केवल बैंकिंग के समय में ही खुलता है। बैंक बंद होने के समय एटीएम में से बचा हुआ कैश निकालकर बैंक में ही रख दिया जाता था। इस कारण धनराशि चोरी होने से बच गई। यह बात शायद बदमाशों को पता नहीं थी। शाखा प्रबंधक ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले भी चोरों ने बैंक के बाहर कैमरों को क्षति पहुंचाई थी। लॉकडाउन के कारण कैमरे ठीक नहीं हो पाए थे। इसके लिए उच्च अधिकारियों को लगातार ई मेल भेजकर सूचित किया जा रहा है। इस संबंध में सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि एटीएम चोरों की तलाश में टीमें बनाकर खोजबीन कराई जा रही है। साथ ही वारदात वाले क्षेत्र के उस समय सक्रिय मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है।
सरसावा में एटीएम मशीन चोरी होने के बाद मौके पर जांच करते प्रभारी निरीक्षक- फोटो : SAHARANPUR