After the young man and woman caught distributing religious pamphlets.
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र की शारदानगर कॉलोनी में बुधवार की सुबह धर्म परिवर्तन कराने के शक में एक समुदाय के लोगों के साथ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर मारपीट की। मारपीट करने के बाद टीम को भगा दिया गया।
धर्म परिवर्तन को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष है। बुधवार की सुबहc एक महिला और दो पुरुष अपने धर्म के प्रचार से संबंधित लिखित सामग्री लेकर शारदानगर पहुंचे थे। क्षेत्रवासियों के अनुसार वह घर-घर जाकर लोगों को अपने धर्म के विषय में बता रहे थे।
उन्होंने धर्म परिवर्तन करने पर हर महीने निर्धारित रुपये देने का लालच भी लोगों को दिया। इसी क्रम में वे अधिवक्ता किरन चौपड़ा के घर पहुंचे और उनके बेटे को हिंदू धर्म छोड़कर उनके धर्म को स्वीकार कराने के लिए बरगलाने लगे।
बेटे ने अंदर जाकर पूरी बात अपनी मां को बताई। जब तक वह बाहर आती, वे तीनों पड़ोस के दरवाजे पर चले गए। देखते ही देखते मोहल्ले के लोग इकट्ठा होना शुरू हो गए और टीम का विरोध करना शुरू कर दिया।
इसी दौरान किसी ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को फोन कर इसकी जानकारी दे दी। कुछ ही देर बाद हिंदू संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने टीम से जब मोहल्ले में आने की वजह पूछी तो टीम के लोग उनको भी अपने धर्म के बारे में बताने लगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हो गई। इसके बाद टीम के साथ मारपीट की गई।
इसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और मोहल्ले के लोगों ने टीम को दौड़ा लिया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, मगर तब तक मामला निपट चुका था। उधर, थाना प्रभारी शैलेंद्र शर्मा ने घटना से अनभिज्ञता जताई है। कहा कि तहरीर आई तो कार्रवाई होगी।