सहारनपुर। जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के साथ काफी संख्या में आए समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के चलते कलक्ट्रेट परिसर भीड़ जमा हो गई। सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन नहीं हुआ। हालांकि इस दौरान कई बार पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत दी। पुलिस कर्मियों ने कई बार एनाउंस भी किया। रविवार को कई नामांकन कराने के अंतिम दिन कलक्ट्रेट परिसर में भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने प्रत्याशियों और जनप्रतिनिधियों के साथ फोटो खिंचाने के चलते सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी डॉक्टर एस चनप्पा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार ने लोगों से सामाजिक दूरी रखने की अपील की।
घूंघट में आईं कई प्रत्याशी
जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल कराने कई प्रत्याशी घूंघट में नजर आईं तो कई अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचीं। वार्ड संख्या 33 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करने आई अर्चना ने नामांकन कक्ष के बाहर जाकर ही अपना घूंघट खोला। उनके अलावा भी कई अन्य महिलाएं घूंघट में नजर आई।
---------
गोद में आया प्रत्याशी
आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी सचिन के पैर में चोट लगने से चलने से परेशानी हो रही थी। कलक्ट्रेट में वाहन के आने की अनुमति नहीं होने के चलते उन्हें एक अन्य व्यक्ति गोद में उठाकर नामांकन पत्र जमा कराने के लिए पहुंचा। उनका कहना था कि कुछ दिन पहले पैर में चोट लग गई थी। जिस कारण चलने में परेशानी हो रही है।
------
- फार्म भरवाने को लेना पड़ा सहारा
सहारनपुर। बलियाखेड़ी ब्लाक कार्यालय के बाहर सुबह से ही कई अधिवक्ताओं ने टेंट लगवा दिया। वहां पर पहुंचकर प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र भरवाने में लगे रहे। यहां पर भी काफी भीड़ नजर आई और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ।