सहारनपुर। ड्राई फ्रूट के दामों में एकाएक उछाल आया है। बादाम का दाम कैलिफोर्निया में आग लगने और तैयार फसल का आयात नहीं होने से चढ़ गया है तो अफगानिस्तान के मौजूदा हालात की वजह से पिस्ता, किशमिश और अंजीर सहित अन्य ड्राई फ्रूट्स के भाव चढ़ने लगे हैं और आगे भी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
ड्राई फ्रूट के दामों में सबसे ज्यादा तेजी बादाम में देखने को मिल रही है। एक महीना पहले तक जो बादाम 500 से 550 रुपये प्रति किलोग्राम थोक भाव था, वह तीन दिन पहले 1050 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया । बृहस्पतिवार को इस बादाम का दाम 950 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। इसी तरह काजू का दाम भी 750 रुपये प्रति किलोग्राम से चढ़कर 900 रुपये तक हो गया है। इसी तरह पिस्ता, मुनक्का, किशमिश, अंजीर, खुबानी आदि ड्राई फ्रूट के दाम में भी उछाल आया है।
ड्राई फ्रूट कारोबारियों का कहना है कि वह लोग दिल्ली से माल मंगाते हैं, लेकिन दिल्ली में बादाम गिरी कैलिफोर्निया और पिस्ता, अंजीर, किशोरी बादाम, गुरबंदी, कंधार किशमिश तथा खुबानी आदि अफगानिस्तान से आते हैं। अफगानिस्तान में मौजूदा हालात के कारण आयात में कमी आई है, इस कारण बाजार में ड्राई फ्रूट के दाम चढ़ने लगे हैं। कारोबारियों ने कहा अफगानिस्तान का माल यदि वाया सऊदी अरब से भी आता है तो उससे भी महंगाई बढ़ेगी, क्योंकि खर्च बढ़ जाएगा।
कारोबारियों के तर्क
- अभी रक्षा बंधन सहित अन्य त्योहार आ रहे हैं, ड्राई फ्रूट की मांग बढ़ी है, ऊपर से माल की आवक कम है, जिस कारण भाव में तेजी आई है। - अनुज अग्रवाल, सचिव, सहारनपुर किराना एवं ड्राई फ्रूट व्यापार संघ
बादाम के दाम में बढ़ोत्तरी की मुख्य वजह कैलिफोर्निया में लगी आग है, क्योंकि एक महीने में ही बादाम का दाम इतना बढ़ा है। तीन दिन पहले बादाम 1050 रुपये प्रति किलोग्राम था, जो अब 950 रुपये तक हुआ है। - राजीव कुमार, किंग ड्राई फ्रूट थोक कारोबारी
ड्राई फ्रूट के दाम में तेजी आई है, जिसमें सबसे ज्यादा असर बादाम पर हुआ है। अभी आगे भी दाम में गिरावट आने की उम्मीद कम है। - हिमांशु अग्रवाल, ड्राई फ्रूट ब्रोकर
बाजार में मांग है, लेकिन आवक कम है, इस कारण भी दाम में उछाल आया है। यदि आवक पहले की तरह बनी रहती है तो दाम ज्यादा नहीं चढ़ पाएंगे। - दीपक कुमार गुप्ता, ड्राई फ्रूट ब्रोकर
ड्राई फ्रूट के दाम (प्रति किलोग्राम थोक )
ड्राई फ्रूट -- एक महीना पहले -- अब
बादाम -- 550 -- 950
पिस्ता -- 1450 -- 1850
मुनक्का -- 330 -- 700
किशमिश -- 400 -- 600
अंजीर -- 750 -- 850
काजू -- 550 -- 850
- हिमांशु अग्रवाल, ड्राई फ्रूट्स ब्रोकर- फोटो : SAHARANPUR
- दीपक कुमार गुप्ता, ड्राई फ्रूट्स ब्रोकर- फोटो : SAHARANPUR
- राजीव कुमार, ड्राई फ्रूट्स कारोबारी- फोटो : SAHARANPUR