उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से मंडल में चार नए रूटों पर रोडवेज की बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। शामली, कैराना को जोड़ते हुए हरियाणा के पानीपत तक बसें चलाई जाएंगी। बृहस्पतिवार से इन चार रूटों पर 30 बसें दौड़ेंगी।
अभी तक हरियाणा के पानीपत के लिए अलग-अलग स्थानों से बसें बदलकर जाना पड़ रहा था। यूपी रोडवेज की बसों का मंडल के खतौली, मुजफ्फरनगर डिपो से शामली के कैैैराना कांधला होते हुए संचालन नहीं था। निगम ने चार रूटों पर बसों का संचालन 5 अक्तूबर से शुरू करने की घोषणा कर दी है।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार से चार नए रूटों पर बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। खतौली से पानीपत के लिए 12 बसों का संचालन किया जाएगा जो खतौली से वाया कांधला, कैराना जाएंगी। मुजफ्फरनगर से पानीपत के लिए छह बसों का संचालन किया जा राहा है जो वाया शामली, कैराना होते हुए पानीपत पहुंचेंगी।
थानाभवन से पानीपत के लिए वाया ऊन एवं चौसाना छह बसें चलाई जाएंगी जबकि सहारनपुर से गंगोह, चौसाना होते हुए शामली तक रोडवेज की बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन नए रूटों पर कुल 30 बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है।