सड़क किनारे लगे होर्डिंग के पोल।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में नागरिकों को सुविधाएं देने वाला नगर निगम ही इन दिनों लोगों की मुसीबत बढ़ाने में लगा हुआ है। मामला शहर में जगह-जगह लगवाए गए यूनिपोल और साइड होर्डिंग का है, जो शहरवासियों के साथ ही शहर के बीच से होकर गुजरने वालों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।
हैरत की बात यह है कि शिकायत के बावजूद नगर निगम मौन है। नगर निगम की ओर से करीब तीन महीने पहले शहर में जगह-जगह यूनिपोल और साइड होर्डिंग लगवाए गए हैं। इन यूनिपोल और साइड होर्डिंगों को लगाने में पूरी तरह से नियमों की अनदेखी की गई है।
आलम यह है कि ज्यादातर साइड होर्डिंग और यूनिपोल सड़कों पर ही गाड़ दिए गए हैं। इनकी वजह से यातायात व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ाई हुई है। इनके सड़कों के बीच में होने से कई लोग टकराकर चोटिल भी हो चुके हैं। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत भी नगर नगम से की है।
इस बारे में जब शिकायत हुई तो अपर नगरायुक्त सच्चिदानंद सिंह गलत तरीके से लगे होर्डिंग और यूनिपोल को हटवाने की बात भी कह चुके हैं, मगर स्थिति जस की तस बनी हुई है। उधर, इस बारे में नगरायुक्त ओपी वर्मा का कहना है कि यदि कोई यूनिपोल या साइड होर्डिंग सड़क पर लगा है तो उसे हटवाया जाएगा।