सहारनपुर। बहुजन समाज पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर नागरिक संशोधन कानून वापस कराने की मांग की है। बसपाइयों ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर पत्रकार वार्ता कर कानून पर पार्टी के पक्ष को पत्रकारों के सामने रखा। साथ ही जामिया मिलिया में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की।
सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने बताया कि नागरिक संशोधल बिल को लेकर जामिया मिलिया के छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की पार्टी निंदा करती है। विश्वविद्यालय के साथ शांतिपूर्वक अपनी बात रख रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने बिना विश्वविद्यालय प्रशासन की अनुमति के भीतर घुसकर पढ़ाई करते छात्रों को भी बुरी तरह पीटा, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पहले दिन से कानून को असंवैधानिक और विभाजनकारी बता रही हैं। पार्टी ने कानून को वापस लेने की मांग राष्ट्रपति से की है। पार्टी ने राष्ट्रपति से कानून को वापस कराने तथा लाठीचार्ज के पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने की भी मांग की। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष योगेश कुमार, नरेश गौतम, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा, जनेश्वर प्रसाद, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, इमरान समेत अनेक बसपाई मौजूद रहे।