साढौली कदीम (सहारनपुर)। कई माह से खराब पड़े लैंड लाइन फोन की विभागीय कर्मी सुध नहीं ले रहे हैं। ऐसे में बीएसएनएल की सेवाओं से उपभोक्ताओं को दूरी बनाने को बाध्य होना पड़ रहा है।
विकास खंड साढौली कदीम के गांव टोडरपुर में स्थापित भारतीय दूर संचार निगम का एक्सचेंज कई माह से खराब पड़ा है। विभागीय अधिकारी इसकी सुध लेने को तैयार नहीं है। इससे क्षेत्र के कई गांवों की लैंड लाइन सेवाएं कई माह से खराब पड़ी है। इस एक्सचेंज पर पहले लगभग पांच सौ से अधिक उपभोक्ताओं के लैंड लाइन फोन कनेक्शन संचालित थे, लेकिन विभागीय कर्मियों की लापरवाही के चलते आज इस एक्सचेंज से नाममात्र को ही उपभोक्ताओं के कनेक्शन संचालित हैं। उन्हें भी विभागीय कर्मी बेहतर सेवाएं नहीं दे पा रहे हैं। कर्मियों की लापरवाही के चलते इस एक्सचेंज के कनेक्शन कई माह से खराब पड़े हैं। उपभोक्ताओं ने कहा अपने खराब पड़े लैंड लाइन फोन को ठीक कराने को लेकर वह कई बार विभागीय कर्मियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन एक बार भी उनकी सुध नहीं ली।
उधर, दूर संचार विभाग के एसडीओ सुखपाल सिंह ने कहा उपभोक्ताओं की शिकायत को वे संबंधित कर्मियों को भेज देते हैं। शिकायत का निवारण करना संबंधित कर्मचारी का दायित्व है। एक्सचेंज प्रभारी पदम सिंह ने कहा विभाग के पास ज्वाइंटर नहीं है। ज्वाइंटर ही लाइन के फाल्ट को देख पाता है। इस संबंध में वे कई बार विभागीय अधिकारियों को लिख चुके हैं।