नागल। लाखनौर गांव में महिला पंचायत सहायक कोमल (27) की उसके सगे भाई ने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले अपने ताऊ के घर पहुंचा और फिर थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को बताया कि मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी है और शव घर में चारपाई पर पड़ा है। कोमल का एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसके चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
गांव लाखनौर में बिजेंद्र और राजवती अपने परिवार के साथ रहते हैं। घर में बड़ी बेटी कोमल के अलावा दो बेटे आशीष और कमल किशोर हैं। कोमल संविदा पर महिला पंचायत सहायक थी। बृहस्पतिवार रात पिता बिजेंद्र और पत्नी राजवती खाना खाने के बाद घेर में पशुओं के पास चले गए थे। बेटा कमल किशोर काम के सिलसिले में बाहर गया है। दूसरा बेटा आशीष घर में था। कोमल भी अपने कमरे में सोने चली गई। पुलिस को दी गई तहरीर में ताऊ सुरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे आशीष उनके यहां पर आया, उसने बताया कि रात में उसका अपनी बहन कोमल के साथ झगड़ा हो गया था। फिर उसने गला दबाकर कोमल की हत्या कर दी।
इसके बाद वह थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। वहीं आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि कोमल का गांव में रह रहे एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजन इसका विरोध कर रहे थे। प्रेम-प्रसंग को लेकर पूर्व में पंचायत हो चुकी थी और यहां तक कि थाने में भी युवती की तरफ से जान का खतरा बताते हुए तहरीर दी गई थी। बाद में समझौता हो गया था, जिस कारण आगे ही कार्रवाई नहीं हो सकी।
15 दिन से काम पर नहीं जा रही थी युवती
कोमल गांव में पंचायत सहायक थी। बताया जा रहा है कि वह करीब 15 दिन से काम पर नहीं जा रही थी। उसने बीएड कर रखी थी। एमएड करने के लिए परिजनों से कहा था, लेकिन परिजनों ने मना कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, उसका कुछ समय से गांव में रह रहे एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
प्राथमिक जांच में आया कि प्रेम-प्रसंग के चलते आरोपी ने अपनी बहन की हत्या की है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
- अमित सिंह, सीओ देवबंद