सहारनपुर। महानगर में कई जगहों पर सीवर लाइन डालने के बाद जल निगम द्वारा सड़कें नहीं बनाई गई हैं। ऐसे में टूटी सड़कों पर धूल का गुबार उड़ रहा है, जो भीषण में गर्मी में राहगीरों और व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बना है। ऐसे में इन इलाकों से निकलने वाले व्यक्ति को धूल में सांस लेने की भी परेशानी होती है।
दरअसल, महानगर में स्मार्ट सिटी के कार्यों के तहत कार्यदायी संस्था जल निगम ने घंटाघर, अंबाला रोड, रेलवे रोड, देहरादून रोड, हकीकतनगर सहित अनेक इलाकों में सीवर लाइन डाली है। कई जगहों पर कार्य चल रहा है, लेकिन जिन जगहों पर कार्य पूरा हो चुकी है, वहां की सड़कें नहीं बनाई है। सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों पर मिट्टी डाल दी गई।
इन दिनों कोतवाली सदर बाजार मार्ग, मिशन कंपाउंड, अंबाला रोड, हकीकतनगर में स्थिति खराब है, जहां पर टूटी सड़क की वजह से धूल उड़ रही है। ऐसे में यहां से लोग निकलते हैं तो सांस लेना तक मुश्किल हो जाता और कपड़े भी धूल में गंदे हो जाते हैं।
बोले लोग, सुनियोजित तरीके हो विकास
कोर्ट रोड के कारोबारी पंडित जुगरान, कोतवाली सदर बाजार मार्ग डेयरी कारोबारी जितेंद्र और डॉ. सुरेश सिंघल का कहना है कि विकास कार्य चल रहा है, यह अच्छी बात है, लेकिन विकास कार्य सुनियोजित तरीके से होना चाहिए। जहां कार्य पूरा हो चुका है, वहां साथ-साथ सड़क बनाई जाए। ताकि लोगों को दिक्कत न उठानी पड़ी। इसके साथ ही पहले एक क्षेत्र का कार्य पूरा कराया जाए। इसके बाद दूसरी जगह की सड़क खोदी जाए। ताकि लोगों को धूल के गुब्बार और टूटी सड़क की वजह से परेशान न होना पड़े।
नोटिस जारी किया जाएगा
- उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. डीसी पांडेय का कहना है कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों को निर्माण जल्द करना चाहिए, ताकि वायु प्रदूषण न हो, मगर जल निगम सड़कें नहीं बना रहा है। विभाग की ओर इस संबंध में जल निगम को नोटिस जारी किया जाएगा।
सीवर लाइन डालने के साथ कई जगहों पर सड़कें बनाने का कार्य शुरू कराया जा रहा है। इसको लेकर कार्यदायी संस्था को भी निर्देशित किया गया है। साथ ही जहां सड़कें नहीं बनी है, वहां पर नियमित रुप से पानी के छिड़काव करने के लिए भी कहा गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
---ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त