सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू में सुबह आठ से शाम सात बजे तक सभी तरह के बाजार खुलने की छूट मिलने पर मंगलवार को बाजारों में रौनक लौट आई। नागरिकों ने दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी की, लेकिन सोशल डिस्टेंस का पालन करना लोग भूल गए, जबकि कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है।
सोमवार को घंटाघर, नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक, शहीदगंज बाजार, मोरगंज बाजार, दाल मंडी पुल, सराफा बाजार, हलवाई हट्टा, हिरनमाहरान, कोर्ट रोड, दिल्ली रोड, रेलवे रोड, अंबाला रोड, देहरादून रोड, नुुमाइश कैंप, हकीकतनगर, बेरीबाग सहित अनेक इलाकों के बाजारों में सभी तरह की दुकानें खुलीं। नागरिकों ने दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी की। सराफा बाजार, प्रताप मार्केट और चकराता मार्ग के बाजारों में भीड़ कम रही, जबकि अन्य बाजारों में लोग खरीदारी करते हुए नजर आए, लेकिन सोशल डिस्टेंस का पालन करना लोग भूल गए। ऐसे में दोबारा कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना है।
------------
सरकारी कार्यालय भी खुले
सोमवार को विकास भवन, कलक्ट्रेट, दीवानी कचहरी, नगर निगम सहित कई सरकारी कार्यालय भी खुले, जहां पर लोग अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए पहुंचे। हालांकि, कर्मचारियों की संख्या कम रही। क्योंकि, एहतियात के तौर पर रोस्टर के हिसाब से कर्मचारी काम कर रहे हैं।
--------
पुलिस रही सक्रिय, लापरवाही पर काटे चालान
सोमवार बाजारों में लोगों की लापरवाही कम नहीं रही। चौक फव्वारा सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन होता नजर आया। इसी तरह बैंकों के एटीएम कक्ष में भी ऐसी ही स्थिति थी। वहीं, पुलिस ने मास्क न लगाने और लापरवाही बरतने पर 300 से अधिक लोगों के चालान काटे। शाम के समय महानगर कोतवाली सदर बाजार, थाना जनकपुरी, कोतवाली देहात, नगर कोतवाली, कोतवाली मंडी, थाना कुतुबशेर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और गश्त भी की। पुलिस की ओर से लोगों से गाइडलाइन का पालन करने की अपील की गई। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।
-------
इन नियमों का पालन करना है जरूरी
-- दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाए।
-- ग्राहक और दुकानदार दोनों मास्क लगाएं।
-- दुकानों पर ग्राहकों के हाथ सैनिटाइज कराए जाएं।
-- थर्मल स्क्रीनिंग की जाए।
-- किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण हैं तो स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी जाए।
-----------
होटल, कैटरिंग, बैंडबाजा कारोबारियों को भी अनुमति का इंतजार
बाजार खुलने पर होटल कारोबारियों को होटल खुलने की अनुमति का इंतजार है। क्योंकि, 18 जुलाई तक शादियों के करीब 20 साए हैं। ऐसे में इन्हें अनुमति मिले तो होटल का कारोबार भी रफ्तार पकड़े। जीपीओ रोड स्थित स्वामी सरदार चिराग सिंह का कहना है कि होटल खुलने की भी छूट दी जाए। ताकि शादी समारोह आयोजित हो सके। गोविंदनगर निवासी कैटरिंग कारोबारी रविंद्र का कहना है कि कार्यक्रमों की अनुमति मिले तो उनका कारोबार अच्छा होगा। इसी तरह बैंडबाजा स्वामी कमरुजहां ने भी कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने की मांग की।