सहारनपुर। थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव हलवाना निवासी सुशील कुमार शर्मा के साथ मारपीट, चोटी काटने और फसल नष्ट करने के मामले में ब्राह्मण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस लाइन पहुंचकर एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को समाज के लोग हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए। वहां से पुलिस लाइन पहुंचकर एसएसपी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सुशील कुमार शर्मा ने कमालपुर निवासी एक महिला के परिवार को खेती के लिए भूमि दी हुई है। आरोप है कि इसी बात को लेकर महिला के कुछ पड़ोसी रंजिश रखते हैं। 29 जुलाई को महिला के घर पर सब्जी का हिसाब करने के संबंध में पहुंचे एक व्यक्ति के साथ पांच लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद सुशील कुमार को पकड़कर चोटी काट दी। मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान डॉ. हर्षवर्धन शर्मा, अभि पंडित, नीरज, अनीता शर्मा, कमला देवी, मंजू शर्मा, विशाल, सोना पंडित आदि मौजूद रहे।